ट्रैक्टर की टक्कर से टेंपो में सवार चार लोग घायल
बघौचघाट (देवरिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के पथरदेवा-रामपुर अवस्थी मार्ग पर गरीब पट्टी गांव के समीप ट्रैक्टर की टक्कर से टेंपो पलट गया। घटना में टेंपो चालक सहित उसमें सवार चार लोग घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घायलों को सीएचसी पथरदेवा भिजवाया, जिसमें एक की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल भेज दिया गया, जहां से डॉक्टरों ने मेडिकल कालेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य का उपचार सीएचसी पर हुआ।
थाना क्षेत्र के गरीब पट्टी निवासी मारकंडेय सिंह (40) पुत्र रामवृक्ष सिंह के ननिहाल ग्राम असोगवा, थाना पटहेरवा, कुशीनगर में ब्रह्मभोज था। उसमें शामिल होने टेंपो से गए थे। मंगलवार देर शाम वह टेंपो में सवार होकर विजय सिंह (35), अनिरुद्ध गुप्ता (32) के साथ घर लौट रहे थे। अभी वह गांव के समीप पहुंचे थे कि सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने टेंपो में टक्कर मार दी, जिससे टेंपो पलट गया। हादसे में मारकंडेय सिंह, विजय सिंह, अनिरुद्ध गुप्ता व चालक अच्छे लाल गुप्ता घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घायलों को सीएचसी पथरदेवा भिजवाया। इसमें मारकंडेय की हालत गंभीर देख चिकित्सक ने जिला अस्पताल भेज दिया, जहां से उन्हें मेडिकल कालेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया। उधर कोहरे का फायदा उठाकर ट्रैक्टर चालक फरार हो गया। प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि घटना की जानकारी नहीं है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
ट्रक की चपेट में आने से ऑटो चालक की मुंबई में मौत
ट्रक की चपेट में आने से हरखौली गांव के एक ऑटो चालक की मुंबई में मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
लार थाना क्षेत्र के हरखौली गांव निवासी वंशी शर्मा का बेटा उमेश शर्मा काफी दिनों से मुंबई में रह कर ऑटो चलाता था। मंगलवार को करीब 10 बजे ऑटो लेकर शहर में गया था। वह गाड़ी स्टैंड में खड़ा कर कहीं जा रहा था। इसी बीच पीछे से तेज रफ्तार से आ रही ट्रक की चपेट में आ गया। जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया जहां उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद मृतक का बड़ा बेटा नितिन जो दिल्ली में काम करता है, वह मुबंई के लिए रवाना हो गया। मृतक की पत्नी सुनीता का रो-रो के बुरा हाल है।