बेेकाबू ट्रक की टक्कर से शुक्रवार को घायल हुए लोगों में दो की मौत के बाद हादसे में मरने वालों की संख्या चार हो गई है। शनिवार सुबह गुस्साए लोगों ने मझौलीराज में युवक मनीष का शव रखकर सड़क जाम कर दी। इसके चलते एक घंटे तक आवागमन ठप रहा। विधायक ने शासन से मदद दिलाने का आश्वासन देकर जाम खत्म कराया। पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मझौलीराज नगर के शाही चौक पर शुक्रवार की रात बेकाबू ट्रक ने दो लोगों को रौंद दिया था और आठ से अधिक घायल हुए थे। इसमें शादी समारोह में शामिल होने आए लार नगर के पकड़ी टोला निवासी होमगार्ड अनिल और सिवान के गुठनी, टड़वा निवासी अर्जुन की मौके पर मौत हो गई। मझौलीराज हरिजन बस्ती निवासी मनीष (18) और सहला गांव निवासी राकेश शर्मा (30) ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
गंभीर रूप से घायल ढेलउरी का इलाज गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। रजिया खातून (55), समीम अहमद (48), विवेक गोंड, लल्लन का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
गुस्साए लोगों ने शनिवार की सुबह सात बजे मनीष की लाश मझौलीराज पेट्रोल पंप के सामने रखकर सड़क जाम कर दी। इससे भाटपारानी-सलेमपुर मार्ग पर यातायात ठप हो गया। इसकी जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन लोगों का गुस्सा देखकर पुलिस असहाय दिखी। तभी विधायक मनबोध प्रसाद मौके पर पहुंचे।
विधायक ने पीड़ित परिवार को शासन से आर्थिक मदद दिलाने का आश्वासन देकर आठ बजे जाम खत्म कराया। इसके बाद यातायात शुरू हुआ। वहीं, हादसे की रात बौखलाए लोगों ने अस्पताल पर देर रात तक प्रदर्शन किया था। एसपी प्रभाकर चौधरी और एएसपी एनके सिंह के आने के बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ। ट्रक चालक की लापरवाही से पांच घंटे के अंतराल पर चार लोगों की मौत से लोग गम में डूबे हैं। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज निवासी ट्रक चालक जयनंदन को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
एसडीएम राजेश प्रसाद ने इस संबंध में कहा कि ट्रक की टक्कर से मारे गए लोगों को शासन स्तर से जो भी हो सकेगा मदद मुहैया कराई जाएगी। इसके लिए लेखपालों से रिपोर्ट मांगी गई है, जो जिस कटैगरी में होगा उसको उसी हिसाब से सरकारी सहायता मिलेगी।