तरकुलवा। मुकामी पुलिस ने कंचनपुर चौराहे से चोरी के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी का पंपिंग सेट भी बरामद कर लिया। आवश्यक कार्रवाई के बाद चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव निवासी शैलेश शर्मा के खेत में लगा पंपिंग सेट मशीन दो दिन पहले चोरी हो गया था। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच कर रही थी।
इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की घटना में शामिल कुछ संदिग्ध कंचनपुर चौराहे के पास मौजूद हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने पंपिंग सेट चोरी करने की बात स्वीकार की।
थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि कंचनपुर गांव निवासी इरशाद अंसारी उर्फ राजन, शिववचन, अनिरुद्ध चौहान और सचिन चौहान को गिरफ्तार किया गया है।