देवरिया जिले में बरडीहा दलपत गांव में सोमवार को शहीद अंशुमान सिंह के परिजनों की जमीन की पैमाइश होनी थी। इसके लिए प्रशासन ने टीम गठित की थी। पुलिस विभाग की तरफ से लार, सलेमपुर व खुखुन्दु थाने की फोर्स मौके पर पहुंच गई थी। लेकिन तीन घंटे इंतजार के बाद भी राजस्वकर्मी नहीं पहुंचे तो पुलिस वापस चली गई।
लार थाना क्षेत्र के बरडीहा दलपत गांव के शहीद अंशुमान सिंह परिजनों और पट्टीदारों के बीच पैतृक जमीन का विवाद चल रहा है। हिस्से को लेकर पैमाइश करने का प्रार्थना पत्र शहीद के परिजनों ने दिया था। एसडीएम ने राजस्व विभाग की तरफ से नायब तहसीलदार डॉ. भगीरथी सिंह के नेतृत्व में राजस्वकर्मियों की टीम गठित की है। जिसमें पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।
सोमवार को पैमाइश कर विवाद का निपटारा करने की तिथि तय हुई थी। मौके पर सलेमपुर, लार और खुखुन्दू थाने की पुलिस पहुंच गई। तीन घंटे तक इंतजार के बाद भी राजस्वकर्मी नहीं पहुंचे तो पुलिस वापस चली गई। इसके चलते विवादित जमीन की पैमाइश नहीं हो सकी
राजस्व टीम में नामित लेखपाल और राजस्व निरीक्षक समय से नहीं पहुंचे, इसलिए बरडीहा दलपति में पैमाइश नहीं कराई जा सकी। -डॉ. भगीरथी सिंह, नायब तहसीलदार, सलेमपुर