जेई ने क्षतिग्रस्त खंभों को बदलने के लिए इस्टीमेट बनाकर भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। क्षेत्र के 48 गांवों में चौथे दिन मंगलवार को भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। जिन गांवों की आपूर्ति बाधित है उनमें से अधिकतर गांवों में करीब 56 खंभे टूट चुके हैं। हालांकि, सोमवार को जेई सोनू कुमार ने क्षतिग्रस्त खंभों को बदलने के लिए इस्टीमेट तैयार कर भेज दिया है। उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही आपूर्ति बहाल हो जाएगी।
जानकारी के अनुसार, खुखुंदू उपकेंद्र अंतर्गत ढाई सौ गांवों में अब भी 48 गांवों में रातभर भी अंधेरा छाया रहेगा। यहां चार फीडरों से क्षेत्र की आपूर्ति संचालित होती है। इसमें बैदौली फीडर अंतर्गत करीब 15 खंभे क्षतिग्रस्त हुए हैं। इसी तरह गड़ेर फीडर में 20 खंभे, सोनबरसा में 10 और नूनखार फीडर में 11 खंभे क्षतिग्रस्त हुए हैं। निगम के कर्मचारियों का कहना है कि क्षतिग्रस्त खंभों का इस्टीमेट बनाकर भेजा गया है, जैसे खंभे आएंगे बदल दिया जाएगा।
कर्मचारियों की मानें तो जहां-जहां खंभे टूटे हैं, वहां भी बांस-बल्ली के सहारे आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। बहुत जल्द ही पूरे क्षेत्र की आपूर्ति बहाल करने की बात कही जा रही है। जेई सोनू कुमार ने बताया कि क्षतिग्रस्त खंभों का इस्टीमेट बनाकर भेजा गया है। निगम के कर्मचारी दिन-रात मेहनत कर आपूर्ति बहाल करने में जुटे हैं।