उप डाकघर के बाहर कतार में खड़े लोग।
- फोटो : अमर उजाला
सलेमपुर। डाक टिकट नहीं मिलने से नाराज युवकों ने सोमवार को उप डाकघर कार्यालय में हंगामा करना शुरू कर दिया। विरोध करने पर युवकों ने कर्मचारियों से बदसलूकी भी की। इसके चलते कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
पुलिस ने उग्र युवकों को समझा बुझाकर शांत कराया। इसकी वजह से करीब एक घंटे तक काम प्रभावित रहा। नगर पंचायतों में संविदा पर सफाईकर्मी का फॉर्म भरने के लिए उप डाकघरों में युवकों की भीड़ जुट रही है। सलेमपुर और लार उप डाकघर में तीन दिन से डाक टिकट खत्म है। इसकी वजह से युवक फॉर्म नहीं भर पा रहे हैं।
टिकट नहीं मिलने से नाराज युवकों ने उप डाकघर कार्यालय में हंगामा करने लगे। कर्मचारियों ने समझाने की कोशिश की तो नाराज युवकों ने उनके साथ भी बदसलूकी की। मामला बढ़ता देख डाक कर्मियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवकों को शांत करा कार्यालय से बाहर निकाला। युवकों का आरोप है कि तीन दिन से कर्मचारी डाक टिकट लिए लौटा रहे हैं।
वहीं बाजार की दुकानों पर तीन गुने दामों पर टिकट मिल रहा है। युवकों ने कर्मचारियों पर मनमानी का आरोप लगाया। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में कतार में खड़ा होकर लोगों ने रजिस्ट्री और स्पीड पोस्ट किया। उप डाकपाल ने बताया कि तीन दिन से डाक टिकट खत्म है। इससे विभागीय अफसरों को अवगत करा दिया गया है। बावजूद इसके बेवजह हंगामा किए थे।