घांटी बाजार। भटनी के बंधुनाथ इंटर कॉलेज मायापुर इमिलिया के प्रांगण में चल रहे फुटबाॅल मैच का फाइनल मुकाबला गाजीपुर और मऊ के बीच खेला गया।
रोमांचक मुकाबले में दूसरे हाफ मैच के अंतिम समय में गाजीपुर की टीम ने एक गोल दागकर अपनी टीम को बढ़त दिला दी। समय समाप्त होने पर 1-0 से गाजीपुर की टीम ने मैच जीतकर ट्राॅफी पर कब्जा जमा लिया।
बंधु नाथ इंटर काॅलेज मायापुर इमिलिया के प्रांगण में बनकटा तिवारी के पूर्व प्रधान स्व. सुबास यादव की स्मृति में जिला स्तरीय फुटबाॅल प्रतियोगिता का आयोजन जय बाबा जंगली नाथ सेवा समिति के माध्यम से किया गया था। जिसका फाइनल मुकाबला शुक्रवार को खेला गया।
मैच की शुरुआत मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य उपेंद्र तिवारी ने फीता काटकर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करने के बाद हुआ। मैच के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ी एक-दूसरे को छकाने का प्रयास करते रहे लेकिन पहले हाफ में एक भी गोल नहीं कर सके। दूसरे हाफ के मैच की शुरुआत हुई और गाजीपुर के खिलाड़ियों ने मऊ पर लगातार दबाव बनाना शुरू कर दिया। मैच के अंतिम समय में एक गोल पोस्ट में मारकर मैच में बढ़त बना ली। समय समाप्त की घोषणा होते ही गाजीपुर की टीम 1-0 से विजेता बनी और ट्राॅफी अपने टीम के नाम कर लिया।
गाजीपुर के दिलसान को मैन ऑफ द मैच व मैन ऑफ द सीरीज मऊ के खिलाड़ी अरशद को दिया गया। मैच में निर्णायक की भूमिका सुबास यादव ने निभाई। इस दौरान मुख्य रूप से अभिषेक यादव, जीतेन्द्र सिंह, आशीष सिंह, अरुण यादव, विकास गुप्ता, त्रिलोकी नाथ यादव, अनूप यादव, धर्मेंद्र यादव, जयप्रकाश यादव, करन यादव मौजूद रहे।