देवरिया। वकील यादव और विनय यादव की हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए 24 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और 100 से अधिक मोबाइल नंबर खंगालने के बावजूद पुलिस हत्यारोपियों को नहीं पकड़ पाई।
अब पुलिस ने दुकान की डीवीआर कब्जे में लेकर जांच तेज कर दी है। मईल थाना क्षेत्र के करजहां गांव निवासी वकील यादव और इटहुरा हजाम गांव निवासी विनय यादव मंगलवार की शाम दशहरा मेला देखने निकले थे।
देर रात करीब 12 बजे दोनों बढ़या हरदो गांव के पास घायल अवस्था में मिले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को मृत पाया। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के प्रमुख रास्तों पर लगे करीब दो दर्जन सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। वहीं मृतक वकील यादव के गायब मोबाइल की तलाश जारी है।
पुलिस को उम्मीद है कि मोबाइल मिलने से वारदात से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं। दशहरा मेले में बाहरी लोगों की भीड़ के कारण मोबाइल लोकेशन की जांच भी जटिल हो गई है।
पुलिस करीब सौ मोबाइल नंबरों की गहन पड़ताल कर चुकी है। इसके अलावा लगभग एक हजार नंबरों को रडार पर लिया गया है।