खाद्य विभाग की टीम ने आठ स्थानों पर किया निरीक्षण, लिए तीन नमूने
देवरिया। जनपद में दूध व दुग्ध पदार्थों में मिलावट को रोकने के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने दो दिन में आठ स्थानों पर निरीक्षण किया। टीम ने तीन नमूने लिया, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजा जाएगा। साथ ही 41 किलोग्राम फल व 36 किलोग्राम मिठाइयों को नष्ट कराया। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर गर्मी के मौसम को देखते हुए खुली मिठाइयों, कटे-फटे फलों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने सलेमपुर के इचौना वार्ड से दूध विक्रेता रमेश यादव तथा अन्य एक दूध विक्रेता से गाय के दूध का नमूना लिया। मेन रोड सलेमपुर देवरिया से दूध विक्रेता सोनू मौर्या से गाय के दूध का नमूना लिया गया।
टीम ने सलेमपुर बस स्टैंड, देवरिया के पास सड़े-गले फल (आम, तरबूज एवं लीची) लगभग 15 किग्रा नष्ट कराया गया। टीम मेन रोड सलेमपुर बस स्टैंड के निकट राजू गुप्ता के मिठाई की दुकान पर पहुंची तो काउंटर में फंफूदी लगा मिला। टीम ने चार किलोग्राम मिल्क केक एवं सात किलोग्राम खराब बेसन का लड्डू नष्ट कराया। टीम ने जनपद मुख्यालय स्थित निकट हनुमान मंदिर चौराहा पर स्थित फेरी कर बेचे जा रहे 22 किलोग्राम आम एवं चार किलोग्राम तरबूज खराब पाए जाने पर उसे नष्ट कराया। इसी प्रकार सोनूघाट चौराहा स्थित राजेश गुप्ता के मिठाई की दुकान से खराब स्थिति में होने के कारण पांच किलोग्राम छेने की मिठाई तथा सत्य नारायण गुप्ता के मिठाई की दुकान से खुले में बेचे जा रहे तीन किलोग्राम जलेबी एवं दो किलोग्राम लालमोहन को नष्ट कराया गया। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप कुमार श्रीवास्तव, रंजन कुमार श्रीवास्तव, अजीत कुमार त्रिपाठी, सुभेष कुमार एवं मनीष मल्ल मौजूद रहे।
सहायक आयुक्त (खाद्य) रमेश चंद्र पांडेय ने कहा कि विशेष अभियान चलाया गया। इसमें तीन नमूने लिए गए। नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।