कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर तीनों को पकड़ कर राजकीय बाल गृह को सौंपा
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। राजकीय बाल गृह से शनिवार की सुबह फरार तीन किशोर देर शाम कोतवाली पुलिस के हत्थे चढ़ गए। कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर तीनों को देवरही मंदिर परिसर से पकड़ लिया। इसके बाद राजकीय बाल गृह के अधिकारियों को सूचना दी। मौके पर अधिकारियों को बच्चों को सौंप दिया। तीनों किशोरों के मिलने के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली।
शहर के कोतवाली रोड स्थित राजकीय बाल गृह में रह रहे तीन किशोर शनिवार की सुबह बाल गृह के उत्तरी चहारदीवारी को फांद कर एक साथ फरार हो गए, इसकी जानकारी बाल गृह के कर्मचारियों को होते ही हड़कंप मच गया। अधीक्षक ने इसकी जानकारी बाल संरक्षण अधिकारी को दी। बाल गृह के कर्मचारियों ने फरार किशोरों की तलाश शुरू कर दी। उनका कहीं पता नहीं चल सका।
जानकारी मिलने के बाद कोतवाल वेद प्रकाश शर्मा ने मुखबिर की मदद ली। मुखबिर की सूचना पर कोतवाल ने उप निरीक्षक विपिन कुमार को मौके पर भेजकर तीनों को पकड़ लिया। इसके बाद अधिकारियों को बुलाकर उन्हें सौंप दिया गया।
डीपीओ अनिल कुमार सोनकर बताया कि फरार किशोर देर शाम पकड़ लिए गए हैं। राजकीय बाल गृह की उत्तरी दीवार को और ऊंचा कराने की दिशा में पहल की जा रही है। शीघ्र उसे ऊंचा करवा दिया जाएगा। ताकि भविष्य में इस तरह की घटना फिर न हो सके।