ग्राम पंचायतों के पांच साल के कार्यों की होगी जांच
देवरिया। पंचायत चुनाव की तैयारियों के बीच शासन ने कड़ा निर्णय लिया है। अब पंचायत चुनाव की अधिसूचना जारी होने से पहले ग्राम पंचायतों की ओर से पांच साल में कराए गए विकास कार्यों की जांच होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जांच की जिम्मेदारी जिला पंचायतराज अधिकारी को सौंपी है। भ्रष्टाचार करने वाले प्रधानों पर कार्रवाई की जाएगी।
जिले में कुल 1189 ग्राम पंचायतें हैं। करीब एक दर्जन ग्राम पंचायतें ऐसी हैं जहां जांच के दौरान विकास कार्यों में अनियमितता की पुष्टि हुई है। अन्य सौ से अधिक ग्राम पंचायतों की जांच लंबित है। विकास कार्यों में हो रहे भ्रष्टाचार को देखते हुए शासन ने सभी ग्राम पंचायतों की जांच कराने का निर्देश दिया है। इस दौरान ग्राम प्रधानों को आवंटित और 25 दिसंबर तक निकाली गई धनराशि से कराए गए कार्यों का भौतिक सत्यापन किया जाएगा।
जिला पंचायत राज अधिकारी ग्राम प्रधानों द्वारा कराए गए कार्यो की जांच करेंगे। अनियमितता पाए जाने पर संबंधित ग्राम प्रधान के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। डीपीआरओ आनंद प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि जनपद स्तरीय अधिकारियों की टीम गठित कर ब्लॉकवार आहरित धनराशि की जांच की होगी। यह प्रक्रिया पंचायत चुनाव की अधिसूचना जारी होने से पहले पूरी की जानी है।