खुखुंदू। थाना क्षेत्र के सरया चौराहे पर स्थित पान-सिगरेट की गुमटी में रविवार की रात चोर ताला तोड़कर उसमें रखा पांच हजार रुपये नकदी समेत करीब 20 हजार रुपये का सामान चुरा ले गए। एक दिन पहले इसी गांव में एक घर में नकब काटकर भी चोरी हुई है। पुलिस इस मामले में एक संदिग्ध को पकड़कर पूछताछ कर रही है।
सरया गांव निवासी श्रीनिवास मौर्या की गांव के चौराहे पर गुमटी में पान-सिगरेट की दुकान है। इनका कहना है कि रविवार की रात पड़ोसी गांव के कुछ चोर दुकान का ताला तोड़कर उसमें रखा पांच हजार रुपये नकदी और 15 हजार रुपये का सामान चुराकर भाग रहे थे। इसी बीच एक आरोपी को पुलिसकर्मियों ने दौड़ाकर पकड़ लिया। श्रीनिवास का कहना है कि यही चोर इससे पहले भी चार बार दुकान में चोरी कर चुके हैं।
बताते चलें कि शनिवार रात में सरया गांव निवासी रामभवन गोंड़ के घर भी नकब काटकर चोरी हुई थी। ऐसे में पुलिस इस बिंदु पर भी जांच-पड़ताल कर रही है। एसओ दिनेश कुमार मिश्र ने बताया कि दुकानदार ने शिकायती पत्र दिया है। एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।