देवरिया। कोतवाली और एंटी थेफ्ट टीम ने बाइक चोरी के मामले में बिहार के एक युवक को गिरफ्तार कर पांच बाइक बरामद की है। आरोपी को मंगलवार को चीनी मिल मैदान के पास से पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार, बरामद बाइक में तीन की चोरी के संबंध में कोतवाली, सलेमपुर और रामपुर कारखाना थाने में पहले से प्राथमिकी दर्ज है। पुलिस अन्य दो बाइक के बारे में छानबीन कर रही है।
पुलिस की ओर से जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिहार के सिवान जिले के मैरवा थाना क्षेत्र के मिसकढ़ी मैरवा निवासी 24 वर्षीय मोहम्मद अफ्फान उर्फ मासूम के रूप में हुई। पुलिस ने उसके कब्जे से पांच बाइक बरामद की हैं। बरियारपुर थाना क्षेत्र के चकरवा धूस उर्फ पनसरही निवासी विवेकानंद द्विवेदी की बाइक 19 सितंबर को शहर के तिलक रोड स्थित अजय फार्मा के सामने से चोरी हुई थी। वह पिता की दवा लेने गए थे। लौटने पर बाइक गायब मिली। उनकी शिकायत पर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज हुई थी।
बरामद बाइक में एक सलेमपुर थाने में वर्ष 2024 में दर्ज चोरी की प्राथमिकी से संबंधित है। दूसरी बाइक रामपुर कारखाना क्षेत्र के बरनई निवासी सुग्रीव मल्ल की है, जो छह मई 2025 को हिरंदापुर से चोरी हुई थी। इस संबंध में भी प्राथमिकी दर्ज है।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बाइक चोरी कर बिहार में बेच देता था। पूछताछ में उसने बाइक चोरी करने वाले के कई नाम भी बताए हैं।
एसपी अभिजित आर शंकर के निर्देश पर एएसपी उत्तरी आनंद कुमार पांडेय के मार्गदर्शन और सीओ सिटी संजय कुमार रेड्डी की निगरानी में कार्रवाई की गई। टीम में प्रभारी निरीक्षक शशिभूषण राय आदि शामिल रहे।