देवरिया। सिविल लाइंस क्षेत्र में फल की दुकान बंद कराने के विवाद में युवक से मारपीट के मामले में कोतवाली पुलिस ने पांच नामजद और पांच अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज की है। शिवमंदिर के सामने 22 सितंबर की रात हुई घटना में युवक का हाथ टूट गया था। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके भतीजे से भी मारपीट का आरोप है।
शिवमंदिर सिविल लाइंस निवासी राकेश सोनकर की तहरीर पर 26 सितंबर को पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। राकेश का आरोप है कि दुलारे जायसवाल, प्रदीप जायसवाल, संदीप, बड़कू, नीरज समेत पांच अज्ञात लोग लाठी-डंडे लेकर पहुंचे और दुकान बंद करने का दबाव बनाया। विरोध करने पर जातिसूचक शब्द कहते हुए मारपीट की। हमले में उनका बायां हाथ टूट गया। घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड होने की बात कही गई है। सीओ सिटी का कहना है कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज का मामले की जांच की जा रही है। संवाद