बरहज के मगहरा स्थित परसियां चंदौर सीएचसी की जांच करते डीएम
देवरिया। जिम्मेदारी के प्रति स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी कितने सजग हैं इसकी बानगी शनिवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भागलपुर परसिया चंदौर में आंखों देखी। औचक निरीक्षण के दौरान दो मेडिकल ऑफिसर समेत पांच स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित मिले। डीएम ने अनुपस्थित कार्मिकों का एक दिन का वेतन काटते हुए स्पष्टीकरण तलब किया।
जिलाधिकारी के निरीक्षण में मेडिकल ऑफिसर अर्चना गुप्ता, मनीष सिंह, लैब टेक्नीशियन नारायण शुक्ला, काउंसलर कंचन पांडेय व प्रियंका मिश्रा अनुपस्थित मिलीं। इसके अतिरिक्त एक्स-रे विभाग में कार्यरत रुदल गुप्ता विगत तीन दिनों से आकस्मिक अवकाश पर मिले। जिलाधिकारी ने ओपीडी व दवा वितरण के विषय में जानकारी मांगी तो संतोषजनक जवाब नहीं मिल। स्वास्थ्य केंद्र में साफ-सफाई का जायजा लिया। कहा कि राज्य सरकार लोगों को निशुल्क गुणवत्ता युक्त चिकित्सकीय सेवा देने के लिए प्रतिबद्ध है। स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।