लार रोड। मईल थाना क्षेत्र के बढ़या हरदो गांव के पास हुए दोहरे हत्याकांड में पांच दिन बीतने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। न कातिलों का पता चला है और न ही हत्या की वजह स्पष्ट हो सकी है।
दशहरा मेले की रात चाकू से गोदकर दो युवकों की हत्या कर दी गई थी। वारदात का पर्दाफाश करने के लिए पुलिस की छह टीमें अलग-अलग बिंदुओं पर जांच कर रही हैं मगर अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है। करजहां निवासी वकील यादव और इटहुरा हजाम निवासी विनय यादव की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई थी। वारदात की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जल्द पर्दाफाश के निर्देश दिए थे।
इसके बाद छह टीमें गठित की गईं, जो आसपास के गांवों में संदिग्धों से पूछताछ कर रही हैं। पुलिस आपसी रंजिश समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दोनों युवकों की हत्या किस वजह से की गई और वारदात में कितने लोग शामिल थे।
पांच दिन बाद भी कोई ठोस सुराग नहीं मिलने से पुलिस के लिए जांच की चुनौती बढ़ गई है। पुलिस की टीमें आरोपियों तक पहुंचने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं मगर कामयाबी नहीं मिल पा रही है।