संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। क्षेत्र के पड़री झिल्लीपार गांव में छठ घाट के पोखरी के पास जहरीला पदार्थ के छिड़काव से करीब तीन क्विंटल से अधिक मछलियां मर गईं।
आरोप है कि दो दिन के अंदर दो लोगों ने सफाई के नाम पर जहरीले पदार्थ का छिड़काव करा दिया। इससे मछलियां मरकर पोखरी में उतराने लगीं। मछली पालक ने आरोपियों से शिकायत की तो उसे धमकी दी गई। मछली पालक ने इसकी शिकायत पुलिस से की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, पड़री झिल्लीपार गांव निवासी चंद्रकेश राजभर के नाम से गांव में एक पोखरी का पट्टा हुआ है। पोखरी के पास छठ घाट भी है।
चंद्रकेश ने पोखरी में मछलियां पाल रखी हैं। चंद्रकेश की पत्नी प्रमिला देवी का आरोप है कि बृहस्पतिवार को लोगों ने छठ घाट की सफाई के दौरान आसपास जहरीला पदार्थों का छिड़काव करा दिया।
घाट के सटा पानी होने से जहरीला पदार्थ पूरे पोखरी में फैल गया। इससे मछलियां मरने लगीं।
पूछने पर आरोपी जान-माल की धमकी देने लगे। एक दिन बाद फिर से गांव के एक शख्स ने दोबारा जहरीले पदार्थ का छिड़काव करा दिया। इसके चलते बड़े पैमाने पर बड़ी-बड़ी मछलियां मरने लगीं।
पीड़ित की सूचना पर मौके पर 112 पुलिस पहुंची थी। हालांकि, कोई कार्रवाई नहीं की। शनिवार को मछली पालक की पत्नी प्रमिला देवी ने थाने में पहुंच तहरीर दी है।
थानेदार दिनेश कुमार मिश्रा ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। जांच कर आरोपियों पर केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।