महुआपाटन बाजार से 15 दिनों में करीब 12 स अधिक लोगों का चोरी हो चुका है मोबाइल
तरकुलवा। महुआपाटन बाजार में सब्जी खरीदने गए शख्स का फोन चोरी हो गया। इसके बाद शातिर चोर ने फोन-पे के यूपीआई के जरिए बैंक खाते से रुपये पार कर दिए। पीड़ित ने इसकी ऑनलाइन शिकायत के बाद थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थाना क्षेत्र के मठिया महावल कुटी के रहने वाले सुधीर पांडेय ने पुलिस को तहरीर देकर बताया है कि 12 अप्रैल की शाम को महुआपाटन बाजार में सब्जी लेने गए थे। इसी दौरान भीड़ में किसी ने उनकी शर्ट की जेब से मोबाइल चोरी कर लिया। इसके बाद शातिर ने फोन-पे के यूपीआई के जरिये बैंक खाते से 22 हजार चार सौ रुपये निकाल लिए हैं। पीड़ित की ऑनलाइन शिकायत के बाद बैंक की ओर से खाता फ्रीज कर दिया गया है।
मोबाइल चोरों के लिए मुफीद बना महुआपाटन बाजार
महुआपाटन बाजार इन दिनों मोबाइल चोरों के लिए मुफीद जगह बन चुका है। बाजार में लगातार हो रही मोबाइल चोरी की घटनाओं से आमजन में डर का माहौल है। थाना क्षेत्र के महुआपाटन बाजार में सप्ताह में सोमवार और बृहस्पतिवार को साप्ताहिक बाजार लगता है। इसमें क्षेत्र के मठिया महावल, भरौटा, हरैया, सोहनरिया, कनकपुरा, सरैनी, नरहरपट्टी, बसंतपुर, पहाड़पुर, अमवा, महुआपाटन, पहाड़पुर आदि दर्जनों गांवों के लोग अपने रोजमर्रा के सामान को खरीदने पहुंचते हैं। पिछले 15 दिनों में इस बाजार में से प्रधान हीरालाल गुप्ता, प्रधान प्रतिनिधि रामधारी यादव, पूर्व प्रधान राम सकल प्रसाद, सुधीर पांडेय सहित 12 से अधिक लोगों के मोबाइल चोरी हो चुके हैं।