फोटो समाचार...
शेरवां बभनौली ताल से डंठल जलते हुए आग पहुंची फोरलेन पर
भवानी छापर गांव स्थित जंगल में लगी आग
संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के शेरवां बभनौली ताल में आग लगने से गेहूं का डंठल जलने लगा। हवा तेज होने से आग की लपटें बहादुरपुर गांव स्थित फोरलेन सड़क पर पहुंच गई। लपटें तेज होने से आग पेट्रोल पंप तक पहुंच गई। इससे वहां भगदड़ मच गई। उधर, आग की चपेट में आने से दो झोपड़ियां जल गई हैं। फायर ब्रिगेड के पहुंचने और पंपिंग सेट के सहारे आग पर काबू पाया गया। फिर भी आग बुझाने में सात घंटे समय लग गया।
खुखुंदू थाना क्षेत्र के शेरवां बभनौली गांव में लगी आग पलभर में ही बहादुरपुर गांव आ पहुंची। यहां दिनेश ओझा और केश्वर प्रसाद की झोपड़ी जल गई। उधर, भवानी छापर गांव में डंठल जलते हुए आग की लपटें बगल में स्थित जंगल तक पहुंच गई। इससे आम, सागौन, यूकेलिप्टस, जमुआ समेत अन्य अनगिनत हरे पेड़ भी जल गए। आग ने शेरवां बभनौली, बहादुरपुर, भवानी छापर और धनौती गांवों में सात घंटे तक तबाही मचाई।
बताया जा रहा है कि आग की लपटें फोरलेन सड़क पर होते हुए बहादुरपुर स्थित पेट्रोल पंप तक जा पहुंचीं। इसके बाद वहां भगदड़ मच गई। हालांकि, समय रहते फायर ब्रिगेड और पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया। इससे बड़ा हादसा होने से बच गया।
इंस्पेक्टर दिलीप सिंह ने बताया कि सुबह नौ बजे लगी आग शाम चार बजे जाकर बुझी। सीओ सलेमपुर दीपक शुक्ला ने बताया कि आग बुझाने में फायर ब्रिगेड के साथ-साथ पुलिस ने भी मदद की है।