संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। कस्बे के किशोरगंज में सौंदर्य प्रसाधन की दुकान और गोदाम में सोमवार की देर रात करीब 11 बजे अचानक आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के लोग भयभीत हो गए।
सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस और अग्निशमन विभाग टीम ने करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक दुकान और दुकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया था।
मंगलवार की सुबह मौके पर पहुंची राजस्व विभाग की टीम ने क्षति के लिए रिपोर्ट तैयार की। आग से नुकसान करीब 50 लाख से अधिक की आंकी गई है।
जानकारी के अनुसार, परशुराम धाम निवासी हरिश्चंद्र उर्फ मुन्ना रौनियार की किशोरगंज में किराये में मकान में आगे सौंदर्य प्रसाधन की दुकान और पीछे गोदाम है।
सोमवार को वह दुकान बंद कर घर चले गए। रात करीब 11 बजे दुकान के बगल के लोगों ने उन्हें मोबाइल पर फोन कर दुकान में आग लगने की सूचना दी। मौके पहुंचे तो अवाक रह गए।
इस दौरान किसी ने इसकी जानकारी कोतवाल संतोष कुमार सिंह को दी। पुलिस टीम के साथ कोतवाल मौके पर पहुंच गए। अग्निशमन विभाग की टीम को आग लगने की जानकारी दी। जब तक अग्निशमन विभाग की टीम पहुंचती, तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया।
गली सकरी होने के चलते अग्निशमन विभाग की गाड़ी मुख्य मार्ग पर खड़ी कर पाइप के जरिये आग बुझाने की कोशिश होने लगी। करीब 4:30 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।