देसही देवरिया। महुआडीह चौराहे पर बुधवार की रात हार्डवेयर की दुकान में अचानक आग लग गई। इससे हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने धुआं उठता देख दुकानदार को जानकारी दी।
सूचना पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाया। करीब पांच लाख रुपये के सामान जल गए। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
पिपरा मदन गोपाल गांव के रामध्यान सिंह की महुआडीह चौराहे परं हार्डवेयर की दुकान है। बुधवार की रात करीब आठ बजे वह दुकान बंद कर घर चले गए। रात 11 बजे आसपास के मकान में रहने वालों ने उनकी दुकान से धुआं और आग की लपटें निकलते देख शोर मचाया।
इसके बाद लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने रामध्यान सिंह को दुकान में आग लगने की जानकारी दी। आनन-फानन दुकान पर पहुंचे रामध्यान आग की लपटें देख बदहवास हो गए। सूचना पाकर दमकल के दो वाहनों के साथ मौके पर पहुंचे कर्मियों ने लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाया।
तब तक करीब पांच लाख रुपये के सामान जल कर राख हो चुके थे। हालांकि अन्य सामान बचा लिया गया। समहुआडीह के थानेदार अतिम कुमार राय ने बताया कि स्थानीय चौराहे पर एक दुकान में रात को आग लगी थी। आग पर काबू पा लिया गया है। संवाद