रामपुर कारखाना। बीते सप्ताह थाना क्षेत्र के एक गांव में एक युवती के आत्महत्या मामले में पुलिस ने प्रेमी समेत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। युवती ने कोर्ट मैरिज के बाद भी प्रेमी द्वारा अपने घर से भगाने से आहत होकर फंदे से लटककर जान दे दी थी। पुलिस ने युवती के पिता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के एक गांव की 21 वर्षीय युवती को गांव का ही अवधेश यादव, जो पहले से विवाहित बताया जा रहा है, बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। युवती के पिता का कहना है कि 29 दिसंबर 2025 को दोनों ने देवरिया में कोर्ट मैरिज भी की थी। इसके बावजूद युवती अपने मायके में रह रही थी। वह प्रेमी से अपने घर ले जाने की मांग कर रही थी।
परिजनों के मुताबिक, बीते 18 अप्रैल की रात करीब 11 बजे प्रेमी के बुलाने पर युवती उसके साथ गई थी। आरोप है कि कुछ देर बाद प्रेमी अवधेश, उसका भाई दुर्गेश यादव और एक अज्ञात व्यक्ति युवती के साथ मारपीट कर उसे मायके छोड़ गया। इस घटना से आहत युवती ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। दाह संस्कार के बाद परिजनों ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
एसओ अश्वनी प्रधान ने बताया कि युवती के पिता की तहरीर पर आत्महत्या के लिए उकसाने और मारपीट सहित संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।