रुद्रपुर (देवरिया)। कूटरचित दस्तावेज के सहारे रुद्रपुर उप निबंधक कार्यालय में एक महिला की जमीन को दूसरी महिला के नाम से फर्जी दान पत्र के तौर पर रजिस्टर्ड करा लिया गया। मामले में महिला की शिकायत पर जांच के बाद एसपी के निर्देश पर रुद्रपुर पुलिस ने मिर्जापुर के रहने वाले सब रजिस्ट्रार समेत छह लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की है।
मदनपुर थाना क्षेत्र के फरीदपुर गांव निवासी सोनमती देवी पत्नी ओमप्रकाश मौर्या ने पुलिस को तहरीर देकर में बताया कि उनके नाम से तीन नंबरों की भूमि राजस्व खतौनी में दर्ज है, जिस पर वर्षों से काबिज भी है।
आठ जुलाई को उसके भसुर (पति के बड़े भाई) रामसूरत कुशवाहा और सावित्री कुशवाहा पत्नी अमित निवासी हाल मुकाम दानोपुर थाना कोतवाली देवरिया ने एक कूटरचित और जाली दस्तावेज जिसमें निर्वाचन कार्ड और बैंक पासबुक आदि शामिल है, उसके आधार पर उपनिबंधक रुद्रपुर के यहां दान पत्र बिक्रय विलेख सावित्री कुशवाहा पत्नी अमित के नाम से कराया गया है।
सोनमती का आरोप है कि फर्जी दान पत्र रजिस्टर्ड करने में उपनिबंधक कार्यालय के सब रजिस्टार, कार्यालय लिपिक और एक अवकाश प्राप्त कर्मी भी शामिल है। महिला का कहना है कि जिस दिन यह फर्जी दान पत्र पंजीकृत हुआ, उस दिन वह अपने बहू को लेकर अस्पताल में थी। तहसील कार्यालय और उपनिबंधक कार्यालय पर गई ही नहीं थी। किसी तरह सूचना मिली, तो उपनिबंधक कार्यालय जाकर जांच कराई। पता चला कि फर्जी दस्तावेज के आधार पर फर्जी दान पत्र पंजीकृत कराया गया है।
इस बात की शिकायत करने पर आरोपी धमकी दे रहे हैं। पुलिस ने आरोपी सब रजिस्टार शशिकांत सरोज, लिपिक मनोज श्रीवास्तव, गोरख तिवारी, केशव निवासी अकटहिया, राम सूरत कुशवाहा और सावित्री देवी पर एफआईआर दर्ज किया। इस बाबत सीओ राजेश चतुर्वेदी ने कहा कि पुलिस मामले की गंभीरता से विवेचना कर रही है। आरोपियों पर न्यायोचित कार्रवाई होगी।