देवरिया। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की सलेमपुर शाखा में ग्राहक सेवा केंद्र के माध्यम से जमा कराई गई रकम में हेराफेरी का मामला सामने आया है। ग्राहक सेवा केंद्र संचालक की शिकायत पर कोर्ट के आदेश से तत्कालीन शाखा प्रबंधक समेत छह लोगों पर 23.09 लाख रुपये की धोखाधड़ी की शुक्रवार की रात प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोप है कि ग्राहकों की जमा रकम पत्नी, रिश्तेदारों और अन्य लोगों के खातों में स्थानांतरित कर हड़प ली गई। सलेमपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
लार थाना क्षेत्र के बरई टोला रावतपार पांडेय निवासी गणेश चौरसिया वर्ष 2012 से सलेमपुर के सोहनाग रोड स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र का संचालन करते थे। उनके अनुसार, अगस्त 2020 में तत्कालीन शाखा प्रबंधक अमित कुमार राकेश से उनकी जान-पहचान हुई। प्रबंधक ने उच्चाधिकारियों का निर्देश बताकर बैंक परिसर में काउंटर लगवाया।
आरोप है कि 17 अगस्त 2020 से अप्रैल 2023 के बीच ग्राहकों की जमा करीब 23.09 लाख रुपये की रकम दूसरे खातों में स्थानांतरित कर दी गई। शिकायत करने पर कर्मचारी और सर्वर की गड़बड़ी बताकर टालमटोल की गई। इसके बाद गणेश ने बैंक के उच्चाधिकारियों और पुलिस से शिकायत की मगर कार्रवाई नहीं होने पर कोर्ट का दरवाजा खटखटाया।
कोर्ट के आदेश पर तत्कालीन शाखा प्रबंधक अमित कुमार राकेश निवासी पंछू, नवादा (बिहार), उनकी पत्नी एकता कुमारी, निरंजन कुमार निवासी नवादा (बिहार), रमेश कुमार कुशवाहा निवासी गढ़वा धरमपुर, परमानंद यादव निवासी गढ़वा मिश्र और अनुराग गौड़ उर्फ सोनू निवासी टीचर कॉलोनी सलेमपुर पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। सीओ गौरव सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। संवाद