निजी फाइनेंस बैंक के कर्मचारी आठ लाख रुपये लेकर फरार
पीड़ित महिलाओं ने थाने पहुंचकर लगाई न्याय की गुहार
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। एक निजी फाइनेंस बैंक के कर्मचारी सदस्यों से वसूले करीब आठ लाख रुपये लेकर फरार हो गए। इसकी जानकारी पर महिलाओं ने रविवार को कोतवाली पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। बैंक के शाखा प्रबंधक ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोपी कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
देवरिया शहर की भुजौली कॉलोनी में एक निजी फाइनेंस बैंक संचालित होता है। बैंक के कर्मचारियों ने शहर और गांवों में भ्रमण कर लोगों को बड़ी संख्या में सदस्य बनाकर लोन दिया है। बैंक से जुड़े तीन कर्मचारियों ने हाल ही में सदस्यों से लोन की रकम करीब आठ लाख रुपये लेकर फरार हो गए। सदस्य जब बैंक पहुंचे तो रुपये जमा करने के बावजूद बकाया दिखाने पर विरोध किए। इसकी जानकारी पर मामले की जांच की गई तो तीन कर्मचारियों के रुपये लेकर भागने की बात सामने आई।
ठगी की जानकारी होने पर रविवार को करीब कोतवाली पहुंचीं महिलाओं ने हंगामा किया। उन्होंने आरोपियों को गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई करने की मांग की है। उधर, बैंक के शाखा प्रबंधक दुर्गा दत्त तिवारी ने भी रुपये लेकर फरार कर्मचारियों के विरोध थाने में तहरीर दी है। सीओ देवरिया सदर ने बताया कि आरोपियों को हिरासत में लेकर मामले की जांच की जा रही है।