तरकुलवा। विकास खंड क्षेत्र के कनकपुरा के गेंदाखेली मैदान में चल रहे राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मैच मंगलवार को बेलवनिया और बाबूपट्टी की टीमों के बीच खेला गया। यह रोमांचक मुकाबला 3-3 गोल से टाई हो गया। कल फिर दोनों टीमों के बीच भिड़ंत होगी।
45-10-45 के निर्धारित समय में भारी संख्या में दर्शकों की मौजूदगी में बेलवनिया और बाबूपट्टी के बीच खेले गए फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने जबरदस्त खेल का प्रदर्शन किया। खेल के पहले हॉफ के 7वें मिनट में बेलवनिया के 11 नंबर जर्सी के खिलाड़ी ने गोल दाग कर अपनी टीम को 1-0 से बढ़त दिला दी। खेल के 13वें मिनट में बाबूपट्टी के 9 नंबर की जर्सी के खिलाड़ी ने जबाबी गोल कर टीम को 1-1 की बराबरी पर ला दिया। इसके बाद खेल के 25 वें मिनट में बाबूपट्टी के 11 नंबर की जर्सी के खिलाड़ी ने दूसरा गोल कर टीम को 2-1 की बढ़त दिला दी। इसके कुछ देर बाद ही बेलवनिया ने फिर से एक गोल कर स्कोर 2-2 कर दिया। खेल के दूसरे हॉफ का खेल बेहद रोमांचक रहा। इसमें दोनों टीमें आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। खेल के 38 वें मिनट में बेलवनिया की टीम के 10 नंबर जर्सी कि खिलाड़ी ने एक गोल कर टीम को 3-2 की बढ़त दिला दी। लेकिन यह बढ़त देर तक कायम नहीं रही और बाबूपट्टी के 9 नंबर जर्सी के खिलाड़ी ने जबाबी गोल दाग मैच को 3-3 की बराबरी पर लाकर खड़ा कर दिया। इसके बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने ट्रॉफी पर कब्जा जमाने की काफी जद्दोजहद की, लेकिन किसी टीम का खिलाड़ी गोल नहीं कर सका। इस प्रकार फाइनल मैच 3-3 से बराबर हो गया। अंधेरा होने के चलते कमेटी ने फाइनल मैच दुबारा कल कराने का निर्णय लिया। मैच का शुभारंभ भाजपा मंडल अध्यक्ष दुष्यंत राव, प्रधान ओंकार राव, पूर्व जिला पंचायत सदस्य अंबुज शाही, रामाश्रय गुप्ता व बीडिओ तरकुलवा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। आयोजक मुकेश सिंह ने अतिथियों के प्रति आभार ज्ञापित किया। कमेंट्री संदीप शर्मा व निर्णायक का कार्य प्रद्युमन्न कुशवाहा ने किया। गोलजज की भूमिका में प्रमोद सिंह व माइकल रहे। लाइन मैन का काम अभिषेक व वसीम ने किया। इस दौरान अभिषेक, कुलदीप, आकाश, दुर्गेश, विक्की, शुभम, ऋषु, विवेक, अंकित, दिलीप, शिव कुमार आदि मौजूद रहे।