रामकोला। रामकोला थाना क्षेत्र के पिड़ारी वार्ड नंबर सात में मामूली बात पर मारपीट का मामला सामने आया है। दरवाजे पर बैठे कुत्ते की पूंछ पर बाइक का पहिया चढ़ने से नाराज चार लोगों ने युवक और उसके परिवार पर लाठी-डंडे व रॉड से हमला कर दिया। तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर चार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पीड़िता सोनी ने तहरीर में बताया कि 28 फरवरी की रात करीब सात बजे उसका भाई धर्मवीर यादव बाजार जा रहा था। इसी दौरान सोनू, अच्छेलाल, संजय व छोटेलाल के दरवाजे पर बैठे कुत्ते की पूंछ पर बाइक का पहिया चढ़ गया। आरोप है कि इसी बात पर चारों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी, डंडा व लोहे की रॉड लेकर हमला कर दिया। सोनी के मुताबिक, बीच-बचाव करने पहुंची उसकी बहन मोनी और भाई धर्मवीर को भी दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। मारपीट में सभी को गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह बीच-बचाव कराया। आरोप है कि जाते-जाते हमलावरों ने जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने यह भी बताया कि मारपीट के दौरान उसके गले का मंगलसूत्र टूटकर गिर गया, जो नहीं मिल सका।
थानाध्यक्ष धनवीर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर चार लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना की जा रही है।