रामपुर कारखाना। थाना क्षेत्र के करमहा गांव में दो पक्षों के बीच एक दीवार में दरवाजा लगाने को लेकर मारपीट हो गई। दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चले, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
करमहा गांव निवासी गीता देवी पत्नी मनोज कुमार गोंड ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि शुक्रवार की दोपहर गांव के कुछ लोग जबरन उनकी दीवार में दरवाजा लगाने लगे। मनोज के विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडे और लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। पीड़िता के अनुसार, शोर सुनकर जब वह बीच-बचाव करने पहुंची तो आरोपियों ने उन्हें भी लाठी-डंडों से पीट दिया। इस दौरान वह और उनके पति गंभीर रूप से घायल हो गए तथा सिर में चोट लग गई। मारपीट के बाद आरोपित जान-माल की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के दौरान लाठियां चटकने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। महिला की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।