बघौचघाट। पथरदेवा कस्बे में बाइक हटाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद मारपीट में बदल गया, जिसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का उपचार कस्बा स्थित एक निजी अस्पताल में कराया गया। मामले की सूचना पर पुलिस जांच-पड़ताल में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, बघौचघाट थाना क्षेत्र के घुडीपुर गांव निवासी कौशल प्रसाद बाइक से खरीदारी करने पथरदेवा बाजार गए थे। बाजार से लौटते समय बाइक इधर-उधर करने को लेकर कुछ लोगों से कहासुनी हो गई थी। बताया जा रहा है कि उस समय मामला शांत हो गया, लेकिन विवाद यहीं खत्म नहीं हुआ।
घर लौटने के बाद कौशल प्रसाद गांव की एक दुकान पर जा रहे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के मनोज प्रसाद अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचे और अचानक हमला बोल दिया। आरोप है कि सभी ने मिलकर कौशल प्रसाद की पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मारपीट में उनके सिर पर चोट आई और कपड़े भी फट गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल 112 पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद परिजन घायल को लेकर कस्बा स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचे, जहां उनका इलाज कराया गया। पीड़ित कौशल प्रसाद ने पुलिस को लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस इस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।