संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया/भटनी। दीपावली और छठ पर्व पर जिले के रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की संख्या में काफी बढ़ोतरी देखी जा रही है। देवरिया सदर, भटनी, सलेमपुर और आसपास के स्टेशनों पर त्योहार पर घर लौटने वालों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। अधिकतर ट्रेनों में आरक्षण की सीटें फुल हो चुकी हैं।
ऐसे में कई यात्री जनरल डिब्बों में यात्रा कर अपने घरों की ओर जा रहे हैं। बिहार जाने वाली ट्रेनों में काफी भीड़ देखी जा रही है। रेलवे प्रशासन ने त्योहारों के मद्देनजर स्पेशल ट्रेनें चलाई हैं, ताकि यात्रियों को सुविधा मिल सके। इसके बावजूद यात्रियों की संख्या अधिक होने से ट्रेनें फुल जा रही हैं।
बिहार और पूर्वांचल से बड़ी संख्या में लोग महाराष्ट्र, गुजरात, पंजाब, दिल्ली आदि महानगरों में नौकरी व व्यवसाय के सिलसिले में रहते है। अब ये लोग दीपावली और छठ त्योहार पर घर लौटने लगे है। अचानक बड़ी संख्या में यात्रियों के सफर करने से ट्रेनों में भीड़ बढ़ गई है। इसके चलते देवरिया सदर, भटनी, सलेमपुर, भाटपारानी और लार रोड रेलवे स्टेशन पर पहुंचने वाली ट्रेनें भीड़ के साथ आ रही हैं।
ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए रेलवे पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। भटनी रेलवे स्टेशन अधीक्षक मनोज पांडेय ने बताया कि दीपावली और छठ त्योहार को लेकर कई स्पेशल ट्रेनें चलाई गई हैं। इसके बावजूद ट्रेनें काफी भीड़ के साथ जा रही हैं। यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आरपीएफ और जीआरपी नियमित ट्रेनों और प्लेटफॉर्म पर निगरानी कर रही है।