- दोपहर में पर्ची काउंटर बंद होने पर अगले दिन का करना पड़ रहा इंतजार
- ओपीडी की पर्ची का सीआर नंबर न होने से मरीज परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। मेडिकल कॉलेज में विभिन्न जांच सहित अन्य कई चीजों के लिए शुल्क जमा करना पड़ता है, लेकिन अब शुल्क जमा करने का समय बढ़ा दिया गया है। नए समय दोपहर दो से बढ़ाकर शाम पांच बजे तक कर दिया गया है। लेकिन पर्ची काउंटर बंद होने के बाद सीआर नंबर न होने की कारण मरीजों को भटकना पड़ रहा है। पर्ची लेने के लिए उन्हें अगले दिन का इंतजार करना पड़ रहा है, तब जाकर सुविधा का लाभ मिल रहा है, इससे मरीजों को परेशानी हो रही है।
महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में व्यवस्था को हाईटेक बनाने की कवायद की जा रही है। अस्पताल में इलाज के लिए करीब 2500 से अधिक लोग आते हैं। मैनुअल पर्ची को समाप्त कर कंप्यूटर से देापहर 1.30 बजे तक ही पर्ची दी जाती है, जबकि ओपीडी का समय 2 बजे तक का है। अस्पताल में जांच, ऑपरेशन सहित कई सुविधाओं के लिए शुल्क जमा करना पड़ता है। इसके लिए एक काउंटर है, जहां दोपहर दो बजे तक शुल्क जमा होता था, लेकिन हड्डी रोग सहित कुछ विभाग के डॉक्टर ओपीडी का समय समाप्त होने के बाद देर तक मरीजों का इलाज करते हैं। इसे देखते हुए शुल्क जमा करने के काउंटर का समय बढ़ाकर शाम पांच बजे तक कर दिया गया है, लेकिन इसके लिए ओपीडी रजिस्ट्रेशन की पर्ची पर अंकित सीआर नंबर आवश्यक होता है। इससे मरीजों को आसानी हुई है, जबकि मेडिकल, सर्जिकल, महिला, आर्थो, नेत्र सहित अन्य वार्ड में भर्ती मरीजों के तीमारदारों को दोपहर बाद शुल्क जमा करने में दिक्कत होती है।
पर्ची के लिए अगले दिन का करना पड़ता है इंतजार
- मेडिकल कॉलेज के भर्ती मरीजों को डॉक्टर जांच लिखते हैं। बीएसटी नंबर के आधार पर निशुल्क ब्लड जांच, एक्स-रे सहित अन्य जांच की सुविधा के लिए रजिस्ट्रेशन कर दिया जाता है, लेकिन जिस जांच के लिए शुल्क जमा करना होता है, उसके लिए दोपहर बाद रुपये जमा नहीं हो पा रहा है। जो जांच जरूरी नहीं रहती है वह इंतजार कर रहे हैं, लेकिन ब्लड चढ़ाने सहित जरूरी जांच के लिए तीमारदारों को परेशानी हो रही है।
-
शुल्क की सूची
मेजर ऑपरेशन - 400 रुपये
सामान्य ऑपरेशन - 267 रुपये
माइनर ऑपरेशन - 68 रुपये
डेंटल ओटी का शुल्क
मेजर ऑपरेशन - 267 रुपये
माइनर ऑपरेशन - 68 रुपये
ईसीजी - 50 रुपये
ब्लड ट्रांसफ्यूजन - 68 रुपये
पीटी व आईएनआर - 100 रुपये
एंटी थयरोग्लोबलिन-500
हड्डी विभाग में शुल्क की सूची
फिंगर स्ट्रेपिंग- 15 रुपये
फिंगर ऑफ 8 ऑपरेट- 68 रुपये
बीके स्किन टैक्शन - 68 रुपये
बीई प्लास्टर - 68 रुपये
जोंस स्टेपिंग- 267 रुपये
एई प्लास्टर- 267 रुपये
-
वर्जन
अस्पताल में मरीजों की सहूलियत के लिए शुल्क जमा करने के काउंटर का समय बढ़ाकर शाम पांच बजे तक कर दिया गया है। वार्ड में भर्ती मरीजों को दिक्क्तों की बात सामने आई है। इससे प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार बरनवाल व नोडल अधिकारी को अवगत करा दिया गया है। जल्द समस्या का समाधान हो जाएगा।
- डॉ. एचके मिश्रा, सीएमएस