सलेमपुर। मझौलीराज नगर पंचायत क्षेत्र के बड़वा टोला वार्ड निवासी किसान की पंपिंग सेट फटने से घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
बड़वा टोला वार्ड निवासी सोनू यादव उर्फ पम्पी (34) पुत्र दयाशंकर यादव उर्फ बलिस्टर बीते सात फरवरी को अपने खेत की सिंचाई के लिए पंपिंग सेट चला रहे थे। इसी दौरान अचानक पम्पिंग सेट फट गया और उसका एक टुकड़ा सोनू के सिर में जा लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सलेमपुर पहुंचाया। हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने उन्हें पहले जिला चिकित्सालय देवरिया और फिर मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया।
मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में इलाज के दौरान सोमवार देर शाम सोनू यादव की मौत हो गई। शव गांव पहुंचते ही पत्नी आशा देवी बेहोश हो गई। बड़ी मुश्किल से लोगों ने संभाल। दो पुत्र आशुतोष (13 वर्ष) और आर्यन (8 वर्ष), माता चन्द्रावती देवी, पिता दयाशंकर यादव तथा तीन भाई विनोद, शैलेश व अखिलेश विलख रहे थे। सोनू चार भाइयों में सबसे बड़ा था। देर रात छोटी गंडक नदी के तट पर अंतिम संस्कार किया गया। गांव में शोक का माहौल है।