पेड़ की डाल गिरने से किसान की मौत
देसही देवरिया। रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के पिपरा मदन गोपाल गांव में शनिवार को एक व्यक्ति के ऊपर पेड़ की डाल टूटकर गिर गई। वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पिपरा मदन गोपाल गांव के पंचम शर्मा (48) शनिवार को किसी काम से घर से बाहर खेत की तरफ निकले। गांव के बाहर बगीचे में धूप की वजह से रुक कर छांव ले रहे थे कि आम के पेड़ की डाल टूटकर उनके ऊपर गिर गई। परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। वहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की जानकारी मिलते ही घर में कोहराम मच गया। पंचम की मौत से पत्नी विमला देवी, बेटे सन्नी, विशंभर, राहुल और बेटी रूबी का रो-रोकर बुरा हाल है।