- सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र के पकड़ी लाला गांव का मामला
सलेमपुर। कोतवाली क्षेत्र के पकड़ी लाला गांव में खेत में काम कर रहे एक किसान और उसके परिवार के लोगों की गांव के कुछ लोगों ने पिटाई कर दी। परिवार के लोगों ने पुलिस की मौजूदगी में घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार कर हालत गंभीर देख मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहीं, शिकायत पत्र पर पुलिस ने घटना में शामिल दूसरे पक्ष के कुछ लोगों को हिरासत में लेकर अग्रिम कार्रवाई में जुट गई।
कोतवाली क्षेत्र के पकड़ी लाला गांव निवासी निशी श्रीवास्तव ने पुलिस को बताया कि रविवार की सुबह उसके पति खेत पर कार्य कर रहे थे। इसी दौरान गांव के कुछ लोगों ने वहां पहुंचकर गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर लाठी-डंडों से पीटा। इस हमले में उसके पति के सिर में गंभीर चोट आई है।
पीड़िता का आरोप है कि, घटना के दौरान आरोपियों ने उसके पति व दोनों बेटों सहित ससुर को जान से मारने की धमकी भी दी। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार किया। मामला को गंभीरता से लेते हुए पुलिस कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। कोतवाल दिनेश कुमार मिश्र ने बताया कि शिकायत पत्र के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।