संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर कारखाना। चाचा के घर हल्दी की रस्म निभाने एक परिवार मकान में ताला बंद कर चला गया। सुनसान पड़े घर को चोरों ने बुधवार की रात खंगाल डाला।
नकदी और जेवरात समेत कीमती सामान चोर चुरा ले गए। बरामदे में खड़ी बाइक भी ले गए। तेल खत्म होने पर घर से दो किमी दूर खेत में छोड़कर भाग गए।
जानकारी के अनुसार, पोखर भिंडा ईश्वरी प्रसाद गांव निवासी अजमेरी खातून की पटीदारी में हल्दी की रस्म थी। उनका मकान गांव के चौराहे के पास बना है। वह बुधवार की सुबह परिवार के सदस्यों के साथ हल्दी की रस्म निभाने गांव में चली गईं।
आधी रात को चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में घुस गए। चोरों ने मकान के तीनों कमरों को खंगाल डाला। पीड़िता के अनुसार चोर 55 हजार नकद, 52 ग्राम सोना और बाइक चुरा ले गए। अजमेरी के घर के बगल में फरीदा का भी दरवाजा तोड़कर चोर जेवर, कपड़े सहित और अन्य सामान चुरा लिया। बृहस्पतिवार की सुबह हल्दी की रस्म निभाने के बाद दोनों परिवार के लोग मकान पर पहुंचे। दरवाजे का ताला टूटा देख अजमेरी और फरीदा सकते में आ गए।
दोनों ने पुलिस को जानकारी दी। इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। हल्का दरोगा और सिपाही को मौके पर भेजा गया है। केस दर्ज कर जल्द चोरी का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।