देवरिया। बेलडाड़ रोड से इजरही-अहीर परसिया जाने वाले मार्ग पर 24 दिन पहले घायल अवस्था में मिले अधिवक्ता के परिजनों ने सड़क हादसे में उनकी मौत से इंकार किया है। उन्होंने सिर पर प्रहार कर हत्या करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अधिवक्ता के साथ मौजूद एक युवक के सिर पर भी हमला कर मौत के घाट उतारा गया।
परिजनों के मुताबिक अधिवक्ता और उनके साथ मौजूद युवक के सिर की हड्डियां टूटने की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुष्टि हुई है। जिसके आधार पर हत्या की आशंका को बल मिलता है। परिजनों ने अधिवक्ता के बुलेट में लगे जीपीएस ट्रैकर का भी अवलोकन किया तो घटनास्थल पर अधिवक्ता की बाइक तेजी से आती दिखी। इसके बाद उनकी बाइक कुछ दूर पीछे तक गई। फिर क्या हुआ उन्हें जानकारी नहीं है। फिलहाल अधिवक्ता व उनके साथ मौजूद युवक का शव घटनास्थल के समीप मिलना भी संदेह खड़ा कर रहा है। परिजनों ने एसपी विक्रांत वीर से मिलकर इस मामले की जांच कर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की गुहार लगाई है।
कोतवाली क्षेत्र के चंदौली गांव निवासी अजय प्रताप पांडेय के पुत्र आकाश पांडेय पेशे से अधिवक्ता थे। परिजनों के मुताबिक 25 दिसंबर को वह अपनी बुलेट लेकर रिश्तेदार डॉ. कार्तिकेय पांडेय के यहां भोजन करने के लिए गए थे। भोजन करने के बाद एक बजे रात में वह घर जाने के निकले। अभी वह बेलडाड़ रोड से इजरही और अहिर परसिया गांव जाने वाले रास्ते से करीब 100 मीटर पहले पहुंचे थे कि कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया। जिससे उन्हें गंभीर चोट आयी और वह मौके पर गिर गए। उनके साथ इजरही गांव निवासी विजय प्रकाश यादव पुत्र हरीलाल यादव भी घायलावस्था में गिरा था। सुबह करीब चार बजे फोन पर उनके घायल होने की सूचना मिली थी। इसके बाद दोनों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लाया गया। जहां इलाज के दौरान साथ में घायल मिले विजय प्रकाश यादव की मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से घायल आकाश को इलाज के लिए गोरखपुर सिटी हास्पीटल में भर्ती कराया गया। जहां 27 दिसंबर की शाम को डॉक्टरों ने रेफर दिया। इसके बाद आकाश को लेकर हमलोग पीजीआई लखनऊ लेकर चले गए। जहां 30 दिसंबर को उनकी मौत हो गई। दाह संस्कार के बाद कोतवाली में हत्या का मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी। तहरीर देने के बाद भी आज तक पुलिस मुकदमा नहीं दर्ज की। यह देख परिजनों ने एसपी विक्रांत वीर से मुलाकात की। एसपी ने सीओ संजय कुमार रेड्डी से मामले की जांच कर मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया। आदेश मिलने के बाद सीओ संजय कुमार रेड्डी मामले की जांच में जुट गए हैं।
आकाश के सिर की तीन हड्डियां टूटीं मिलीं
आकाश पांडेय के शव का केजीएमयू में पोस्टमार्टम हुआ। इसकी रिपोर्ट जब मिली तो आकाश के सिर की तीन हड्डियां टूटी मिलीं। ऐसा लग रहा हो जैसे उनके सिर पर किसी भारी चीज से मारी गई हो, जिससे उनके सिर की हड्डियां टूट गईं और वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आकाश के परिजनों की मानें तो आकाश के सिर के अलावा शरीर पर एक भी जगह जख्म के निशान नहीं मौजूद थे। उन्हें सिर पर वार कर सड़क पर लेटा दिया गया था। उन्होंने जैकेट पहन रखा था। जिसे देख कर यह प्रतीत हो रहा था कि चोट लगने पर गिरने के बाद उन्हें कुछ दूर घसीटा गया हो, क्योंकि जैकेट पीछे से फट गया था। परिजनों के अनुसार साथ में घायलावस्था में मिले विजय प्रकाश यादव के पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर की हड्डियां व चेहरे पर जख्म के निशान मिले। उसे भी भारी चीज से सिर व चेहरे पर वार किया गया। परिजनों ने पुलिस से इस मामले की बारीकी से जांच कराकर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
सीओ ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
एसपी विक्रांत वीर के निर्देश पर शनिवार को सीओ संजय कुमार रेड्डी, एसओजी प्रभारी नवीन चौधरी व फारेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का मुआयना किया। सीओ ने कहा कि घटनास्थल का मुआयना किया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
विजय प्रकाश के परिजनों ने दर्ज कराया था हादसे का केस
कोतवाली क्षेत्र के इजरही में मकान बनवाकर रहने वाले बरियारपुर के महुई निवासी ज्ञान प्रकाश यादव ने 27 दिसंबर को कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया। इसमें उन्होंने सड़क हादसे में मौत होने का मामला दर्ज कराया था। उनका कहना था कि पोस्टमार्टम हाउस पर जाकर हमलोगों ने शव की शिनाख्त की थी। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच अपने स्तर से कर रही है। एक युवक के परिजनों ने सड़क हादसे में मौत होने की तो दूसरे युवक के परिजनों ने हत्या करने की नियत से हमला कर घायल करने का आरोप लगाया है। जिसने पुलिस को उलझा दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।