लार। थाना क्षेत्र के दो गांवों की रहने वाली युवतियों ने 15 दिन पहले एक-दूसरे के साथ समलैंगिक शादी कर ली थी। दोनों साथ रह रही थीं। इसकी जानकारी पर सोमवार को पहुंचे एक युवती के परिजन उसे घर ले जाने की कोशिश करने लगे। यह देख दूसरी युवती हंगामा करने लगी। किसी ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पुलिस के पहुंचने से पहले ही परिजन दूसरे गांव की रहने वाली युवती को घर लेकर चले गए। इस बात से नाराज युवती थाने पहुंच कर मामले की शिकायत पुलिस से की।
पुलिस के अनुसार, लार थाना क्षेत्र के दो गांवों की रहने वालीं दो युवतियां एक-दूसरे के साथ प्रेम करती हैं। प्रेम परवान चढ़ा तो दोनों ने 15 दिन पहले शादी कर ली। इसके बाद उत्तराखंड के रुद्रपुर में जाकर रहने लगीं। दो दिन पहले वापस घर आईं। इसकी जानकारी हुई तो एक युवती के परिजन दूसरी युवती के घर दोपहर में पहुंच उसे ले जाने लगे। इसको लेकर हंगामा होने लगा।
आवाज सुन ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मौजूद लोगों ने युवती को समझाने की कोशिश की, मगर उसने किसी की नहीं सुनी। थाने पहुंचकर परिजनों पर मारपीट और मोबाइल फोन लेकर चले जाने का आरोप लगाते हुए शिकायत की। दूसरी युवती को पति बताते हुए उसके साथ रहने की जिद करने लगी। सीओ मनोज कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी है। शिकायत की जांच कराई जा रही है।