तरकुलवा। पथरदेवा विकासखंड के कौलाचक गांव निवासी 17 वर्षीय क्रिकेटर फैज अहमद ने गोरखपुर के सैयद मोदी क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित रामनरेश प्रीमियर लीग (आरएनपीएल) में शानदार गेंदबाजी कर मैन ऑफ द सीरीज का खिताब हासिल किया। उसकी उपलब्धि से परिवार और गांव के लोगों में खुशी है।
मुस्ताक खान के छोटे बेटे फैज रामधारी पांडेय इंटर कॉलेज, पगरा में कक्षा 10 का छात्र है। मध्यम तेज गति के गेंदबाज फैज का चयन आरएनपीएल सीजन-04 में ओम फैवरीको टीम के लिए हुआ था। प्रतियोगिता में उसने अपनी गेंदबाजी से बल्लेबाजों को परेशान किया। आखिरी मैच में फैज ने दो ओवर में 17 रन देकर दो विकेट लिए। उसके प्रदर्शन पर आयोजकों ने उसे मैन ऑफ द सीरीज के खिताब से सम्मानित किया।
कौलाचक गांव की अन्य बेटियां भी खेल के क्षेत्र में पहचान बना रही हैं। अंकिता प्रजापति ने राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीता है, जबकि आतिया का हैदराबाद में होने वाली राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है।