संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। लार थाना क्षेत्र के मेहरौना निवासी 25 वर्षीय राजू पाल की हत्या मेहरौना पुलिस चौकी से करीब तीन सौ मीटर की दूरी पर हुई थी। बावजूद इसके पुलिस अब तक आरोपियों की पहचान तक नहीं कर सकी। संदेह के आधार पर करीबियों, रिश्तेदारों और आसपास के गांव के युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस के अलग-अलग दावे से परिजनों व इलाके के लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
पुलिस की सुस्ती के खिलाफ कभी भी लोग सड़क पर उतर सकते हैं। शराब तस्करों, आशनाई का संदेह जताने वाली पुलिस अब आपसी गुटबाजी को जांच बिंदु में शामिल किया है। नौ दिन बाद भी पुलिस के किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पाने से नाराज राजू के परिजन मेहरौना चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। मेहरौना निवासी राजू पाल शराब की दुकान के पास भूजा की दुकान लगाता था। वारदात की रात दो सितंबर को दुकान बंद कर ठेला लेकर घर लौट रहे राजू पाल की रास्ते में रोककर धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी गई थी।अब पुलिस आपसी गुटबाजी को जांच का केंद्र बिंदु मानकर आसपास के गांव के युवकों को पूछताछ के लिए उठा रही है। वहीं राजू पाल का मोबाइल का पता नहीं चल सका है।