देसही देवरिया। शाहजहांपुर-कोन्हवलिया गांवों के बीच छोटी गंडक नदी के तट पर पीपा पुल बनेगा। जिला मुख्यालय स्तर से इसकी कार्ययोजना बनाकर शासन को भेज दी गई है। पीपा पुल लगने पर दोनों तरफ के लोगों को सुविधा होगी। कुशीनगर पहुंचने में 15 किमी की दूरी कम हो जाएगी।
शाहजहांपुर और मुंडेरा उर्फ बलुअही गांव की सीमा पर छोटी गंडक नदी के तट पर प्राचीन शिव मंदिर है। गंडक नदी के दूसरी तरफ कोन्हवलिया बाबूराय गांव है जो तरकुलवा ब्लॉक में है। लोग मिलकर हर साल बांस-बल्ली का पुल बनाते हैं।
नदी में पानी बढ़ने पर लकड़ी का पुल टूट जाता है। स्थानीय लोग अपनी सुविधाओं के लिए यहां पीपा पुल बनाए जाने के लिए मांग करते आ रहे हैं।
शाहजहांपुर गांव के प्रधान विजय यादव, मुंडेरा उर्फ बलुअही के बांके सिंह, सहित देउरवा, सेमरी, कोंहवलिया बाबूराय, कोन्हवलिया भरथराय, भिसवां आदि गांवों के प्रधानों और स्थानीय लोगों ने यहां पीपा पुल बनाए जाने के लिए संयुक्त हस्ताक्षर कर स्थानीय विधायक और कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही को मांग पत्र दिया था। मंत्री की पहल पर पीडब्ल्यूडी ने प्रस्ताव तैयार कर जिले स्तर से अनुमोदन कराकर स्वीकृति के लिए इस परियोजना की फाइल को शासन को भेज दिया है।