सलेमपुर। बेटियां सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत जानकारी शेयर न करें। हर परिस्थिति का डटकर मुकाबला करें। शर्माएं नहीं, पुलिस से खुलकर अपनी समस्या बताएं। पुलिस हर वक्त मदद को तैयार है। अगर किसी मामले में पीड़िता नाम उजागर नहीं करना चाहती है तो उसको भी गोपनीय रखा जाएगा।
ये बातें अमर उजाला फाउंडेशन की तरफ से शनिवार को नगर के आरएल एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित पुलिस की पाठशाला में मुख्य अतिथि सीओ मनोज कुमार ने कहीं। उन्होंने छात्राओं को महिला हेल्पलाइन नंबर 1090 के संबंध में जानकारी दी और बताया कि यदि कोई व्यक्ति उन्हें परेशान करता है तो वे इस नंबर पर कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकती हैं। सीओ ने बालिकाओं को बताया कि उन्हें किसी भी प्रकार की समस्या है तो वे 112 डायल की मदद भी ले सकती हैं। उन्होंने छात्राओं को सोशल मीडिया से सावधान रहने की सलाह दी।
विशिष्ट अतिथि कोतवाल महेंद्र कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि मोबाइल और फेसबुक से गोपनीयता भंग हो रही है। इसलिए अपनी व्यक्तिगत बातों को फेसबुक और व्हाट्सएप पर शेयर न करें। इस कार्यशाला में 210 छात्राएं मौजूद रहीं। पाठशाला में प्रबंधक संदीप कुमार श्रीवास्तव, प्रधानाचार्य संजय पांडेय, जोया आदि मौजूद रहे। इस दौरान छात्राओं ने स्वागत गीत व सरस्वती वंदना प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की शुरुआत में स्कूल के प्रबंधक संदीप कुमार श्रीवास्तव ने अतिथियों को गुलदस्ता देकर उनका स्वागत किया।