खामपार। बिहार सीमा से सटे भोरे थाना क्षेत्र में एक वरिष्ठ चिकित्सक से 12 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। रंगदारी की मांग बिहार पुलिस द्वारा घोषित एक लाख रुपये के इनामी आरोपी मनिंदर मिश्रा के नाम पर की गई है। इससे चिकित्सक और उनका परिवार दहशत में है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, कटेया थाना क्षेत्र के बगही निवासी डॉ. संदीप कुमार गुप्ता की भोरे में निजी अस्पताल है। उनके मोबाइल पर दो अलग-अलग नंबरों से कॉल कर 12 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई। कॉल करने वाले ने खुद को कुख्यात आरोपी मनिंदर मिश्रा बताया और रकम नहीं देने पर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी।
गौरतलब है कि करीब डेढ़ माह पूर्व लाला छापर पोखरा स्थित एक आभूषण दुकान में लूट के प्रयास के दौरान हुई हिंसक घटना में एक ग्रामीण की मौत हो गई थी। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने दो बदमाशों की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। इस मामले में कटेया थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव निवासी मनिंदर मिश्रा का नाम मुख्य आरोपी के रूप में सामने आया था। पुलिस तब से उसकी तलाश में जुटी है। गिरफ्तारी न होने पर बिहार सरकार ने उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया है।
मामले को लेकर हथुआ के एसडीपीओ आनंद मोहन ने बताया कि रंगदारी मांगने में इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबरों को ट्रेस किया जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कॉल वास्तव में मनिंदर मिश्रा ने की थी या फिर किसी ने उसके नाम का इस्तेमाल कर रंगदारी मांगने की कोशिश की है।