गौरी बाजार। साढ़ू की बेटी को देवरिया से प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) दिलाकर घर लौट रहे बाइक चालक को गोरखपुर-देवरिया मुख्य मार्ग पर पोखरभिंडा गांव के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए मेडिकल काॅलेज देवरिया लाया गया, जहां युवक को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि परीक्षार्थी साढ़ू की बेटी की हालत गंभीर बनी हुई है।
गोरखपुर जनपद के गगहा थाना क्षेत्र के टिकर गांव निवासी राजाराम (34) रविवार को साढ़ू विनीत प्रसाद की बेटी मुस्कान को देवरिया पीईटी की परीक्षा दिलाने लाए थे। उसका परीक्षा केंद्र सीसी रोड देवरिया स्थित एक विद्यालय में था। शाम करीब पांच बजे परीक्षा समाप्त होने के बाद वे घर लौट रहे थे। अभी वे गोरखपुर-देवरिया मार्ग पर गौरी बाजार थाना क्षेत्र के पोखरभिंडा गांव के पास पहुंचे थे कि अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी।
दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज देवरिया भिजवाया, जहां राजाराम की मौत हो गई,जबकि परीक्षार्थी मुस्कान की स्थिति गंभीर बनी हुई है। परिजनों को सूचना मिलते ही वे अस्पताल पहुंचे। इस संबंध में थानाध्यक्ष मृत्युंजय राय ने बताया कि बाइक पुलिस के कब्जे में है। अज्ञात वाहन पर विधिक कार्रवाई की गई जा रही है। संवाद