तरकुलवा। गहने वापस करने के बहाने महिला को अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर यौन शोषण करने और अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी पर दुष्कर्म सहित गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
बताया जा रहा है कि थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 31 वर्षीय महिला का पड़ोस के गांव के 25 वर्षीय युवक से आते-जाते परिचय हुआ। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत और मिलना-जुलना शुरू हो गया। इसी दौरान महिला को कुछ पैसों की जरूरत पड़ी तो उसने अपने गहने बंधक रख दिए। बाद में महिला ने युवक से पैसे देकर गहने वापस करने को कहा।
पीड़िता का आरोप है कि युवक गहने लौटाने के बहाने उसे अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर यौन शोषण करता रहा। इस दौरान उसने वीडियो भी बना लिया। विरोध करने पर आरोपी वीडियो को वायरल करने और जान से मारने की धमकी देने लगा।
आरोपी की हरकतों से परेशान होकर पीड़िता ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई।सीओ सिटी संजय कुमार रेड्डी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर आरोपी पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।