रुद्रपुर। डहरौली गांव के समीप पेट्रोल पंप पर हुई लूट की घटना का तीन दिन बाद पुलिस अब तक खुलासा नहीं कर पाई है। पुलिस देवरिया जिले के अलावा गोरखपुर के बदमाशों के बारे में भी छानबीन में जुटी है।
रुद्रपुर-नरायनपुर गांव के समीप मुख्य मार्ग पर बेलवा दुबौली गांव निवासी ओंकार साहनी का पेट्रोल पंप है। डहरौली गांव निवासी सचिन साहनी पेट्रोल पंप पर सेल्समैन हैं। शनिवार को दोपहर बाद करीब तीन बजकर 45 मिनट सचिन गाडि़यों में पेट्रोल डाल रहे थे। इस दौरान दो बाइक पर सवार छह बदमाश पहुंचे। सचिन के मुताबिक उनमें से तीन बदमाश उसके पास पहुंच कर बैग छीनने लगे। इस दौरान एक बदमाश ने असलहा निकाल लिया। सचिन से रुपये वाला बैग छीनकर बाइक से सभी छह बदमाश नारायणपुर की ओर भाग गए। भागते समय बदमाशों ने असलहे से फायर भी किया। पुलिस को घटनास्थल से 32 बोर की खाली कारतूस मिली। पुलिस लुटेरों को पकड़ने के लिए लगातार राप्ती नदी के किनारे गोरखपुर और देवरिया के सीमावर्ती गांव के कुछ लड़कों पर नजर जमाए हुए है।
घटनास्थल के मोबाइल लोकेशन के आधार पर युवकों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है, हालांकि तीन दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। वहीं पेट्रोल पंप संचालक पिंटू राव, दिलीप गुप्ता, शैलेंद्र मिश्रा, नन्हें जायसवाल, रामाश्रय यादव, दिलीप जायसवाल, गौतम वर्मा आदि ने कहा कि दिनदहाड़े हुई लूट की घटना से पूरे जिले में पंप पर काम करने वालों में दहशत बनी है। इस बाबत सीओ हरिराम यादव ने कहा कि पुलिस की पांच टीमें लगातार लूट की घटना के खुलासे पर काम कर रही है।