खामपार। क्षेत्र के कुकुर घांटी में चाय दुकानदार के हत्यारोपियों को पुलिस पकड़ नहीं सकी है। हालांकि क्षेत्र के लोगों का कहना है कि पुलिस आरोपियों को चिह्नित कर चुकी है।
बावजूद उन्हें गिरफ्तार करने से कतरा रही है। उधर, सीओ भाटपाररानी का कहना है कि मामले में पुलिस टीम लगी है, जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। थाना क्षेत्र के कुकुर घांटी निवासी अवधराज खरवार (60) पुत्र वुचूक चौराहे पर शराब की दुकान के पास चाय-पकौड़ी की दुकान चलाते थे।
बृहस्पतिवार की शाम अंग्रेजी शराब की दुकान से शराब लेने के बाद कुछ युवक नशे की हालत में उनकी दुकान पर पहुंचे और बिना पैसे दिए पकौड़ी उठाकर खाने लगे। विरोध करने पर युवकों ने अवधराज की पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल दुकानदार को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जहां शुक्रवार की देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। शव घर पहुंचते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए और हत्या का खुलासा करने की मांग को लेकर शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन करने लगे।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया। प्रशासन की ओर से शीघ्र कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिए जाने के बाद परिजन अंतिम संस्कार किए। मामले में पुलिस मृतक के पुत्र की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पांच दिन बाद भी इस मामले में पुलिस अभी तक आरोपियों के तह तक नहीं पहुंच सकी है। जबकि क्षेत्र के लोगों का कहना है कि पुलिस जान बूझकर इस मामले में लीपापोती कर रही है।
आरोपियों की पहचान होने के बाद भी पुलिस उन्हें पकड़ नहीं रही है। सीओ भाटपाररानी अंशुमन श्रीवास्तव ने कहा कि हत्या के मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।