अभियंताओं ने उत्पीड़न और अनिवार्य सेवानिवृत्ति का किया विरोध
देवरिया। उत्पीड़न और अनिवार्य सेवानिवृत्ति के विरोध में उत्तर प्रदेश इंजीनियर्स एसोसिएशन ने शनिवार को मुख्यमंत्री को संबोधित पांच सूत्री ज्ञापन डीएम को सौंपा।
अध्यक्ष अशोक कुमार एक्सईएन पीडब्लूडी प्रांतीय खंड ने कहा कि सरकार बिना किसी उचित कारण के प्रदेश के अभियंत्रण विभागों, निगमों में कार्यरत अभियंताओं पर मनमाना कार्रवाई कर रही है। नौ अक्तूबर को सात अभियंताओं के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इससे अभियंता संवर्ग का सामाजिक, आर्थिक व मानसिक उत्पीड़न हो रहा है। डीएम को दिए ज्ञापन में एसोसिएशन ने अनिवार्य सेवानिवृत्ति पर पुनर्विचार करने, अभियंताओं के उत्पीड़न रोकने, अभियंत्रण विभागों का अधिष्ठान अनुभाग प्रमुख अभियंता के अधीन करने व 13 राज्यों में प्रचलित अभियंत्रण विभागों/निगमों के प्रमुख सचिव के पद पर, पदेन प्रमुख अभियंता विभाग के वरिष्ठतम अभियंता को तैनात करने की मांग की। इस दौरान सचिव पंकज कुमार राय लघु सिंचाई, सदस्य कमल किशोर एक्सईएन पीडब्लूडी निर्माण खंड, अजीत कुमार सोनकर, एसए अब्बास एई पीडब्लूडी, प्रदीप गर्ग सिंचाई विभाग, प्रदीप चौरसिया एक्सईएन जलनिगम, रजनीश जायसवाल, सुरेंद्र कुमार, विक्रांत सिंह, बलवंत सिंह आदि अभियंता मौजूद रहे।