सीडीओ ने दी अनुपस्थित मतदान कार्मिकों को कार्रवाई की चेतावनी
देवरिया। टाउन हाल आडिटोरियम में शनिवार को पीठासीन अधिकारियों व मतदान अधिकारी प्रथम को दो पाली में प्रशिक्षण दिया गया। प्रथम पाली में पांच पीठासीन अधिकारी व 15 मतदान अधिकारी प्रथम अनुपस्थित रहे। उन्हें 18 अक्तूबर को प्रशिक्षण में शामिल होने की बात कही गई। प्रथम तथा द्वितीय पाली में 200-200 पीठासीन अधिकारी/मतदान अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी गई।
मुख्य विकास अधिकारी/प्रभारी कार्मिक प्रशिक्षण शिव शरणप्पा जीएन ने कहा कि निर्वाचन कार्य को सकुशल शांतिपूर्ण संपन्न कराने की जिम्मेदारी पीठासीन व मतदान अधिकारियों पर है। इसके लिए आवश्यक है कि ईवीएम, वीवीपैट एवं निर्वाचन की प्रक्रियाओं से संबंधित सभी आवश्यक जानकारी रहे। प्रशिक्षण में मिल रही जानकारी का पालन करने से किसी प्रकार की कठिनाई नहीं होगी। उन्होंने कहा कि अनुपस्थित कार्मिकों को 18 अक्तूबर को प्रशिक्षण में भाग लेना होगा। यदि कोई प्रशिक्षण से वंचित हुआ तो उसके खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने मतदान प्रक्रिया को मतदान प्रारंभ से समाप्त तक किन-किन बातों को ध्यान रखना है बताया। उन्होंने इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन तैयार करने, ग्रीन पेपर सील का प्रयोग, ईवीएम के संचालन के समय खराबी आने पर उसे दूर करने की जानकारी दी। माक पोल व मतदान के पूर्व ईवीएम को सील करने की प्रक्रिया, मतदाता के समस्या का समाधान, मतदान के दौरान वीवी पैट, यूनिट के संबंध में आने वाली समस्याओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि चुनाव से जुड़ी गतिविधियों में हर व्यक्ति फेश मॉस्क पहना होगा, थर्मल स्कैंनिग, सैनिटाइजर की व्यवस्था, सामाजिक दूरी के मानदंडों के पालन के तहत ही मतदान कराया जाएगा।
सहायक निदेशक बचत/मुख्य प्रशिक्षक विजयनाथ मिश्र ने विभिन्न प्रपत्र तैयार करने तथा इपिक के बारे में बताया। उन्होंने ईवीएम व वीवीपैट संचालन के लिए दस-दस की टीम बनाकर प्रशिक्षण दिया। कहा कि नियमों की जानकारी से चुनाव कराने में आसानी होगी। इस दौरान परियोजना निदेशक डीआरडीए महेश नारायण पांडेय, जिला विकास अधिकारी श्रीकृष्ण पांडेय आदि मौजूद रहे।