तरकुलवा। गढ़रामपुर में उग्रसेन मार्ग पर अतिक्रमण पर रविवार की सुबह प्रशासन ने बुलडोजर चलवाया। हाईकोर्ट के आदेश पर हुई इस कार्रवाई में एक दर्जन से अधिक मकानों और दुकानों के छज्जे, फुटपाथ पर बनी सीढ़ियां और अन्य अवैध निर्माण ध्वस्त किए गए। पुलिस फोर्स की मौजूदगी में कार्रवाई के दौरान कस्बे में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
गढ़रामपुर निवासी सरजू जायसवाल ने देवरिया-कसया मुख्य मार्ग से कोन्हवलिया बाबूराय जाने वाले उग्रसेन मार्ग पर अतिक्रमण कर पक्का निर्माण किए जाने की शिकायत की थी। लंबे समय तक कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने हाईकोर्ट में जनहित याचिका दाखिल की। कोर्ट ने अतिक्रमण हटवाकर 17 नवंबर को वीडियोग्राफी के साथ रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे।
इसके बाद डीएम के निर्देश पर शनिवार को राजस्व विभाग की टीम ने सड़क की पैमाइश कर अतिक्रमण चिह्नित किया। रविवार सुबह करीब आठ बजे नायब तहसीलदार गंगाराम के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद बुलडोजर से चिह्नित निर्माण हटवाए गए। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई। नायब तहसीलदार गंगाराम ने बताया कि हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में अतिक्रमण हटवाया गया है।