देवरिया। नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक पालिकाध्यक्ष अलका सिंह की अध्यक्षता में पालिका के बापू भवन स्थित पंडित दीन दयाल उपाध्याय सभागार में हुई। इसमें अधिशासी अधिकारी संजय कुमार तिवारी भी मौजूद रहे। लिपिक मनोज कुमार ने बैठक में एजेंडा बिंदुओं की क्रमवार प्रस्तुति की। इसके बाद बैठक में अतिक्रमण के साथ-साथ विभिन्न वार्डों में लाइट लगाने की पर जोर दिया गया। शहर के कई मार्गों से अतिक्रमण हटाने की मांग पर प्रस्ताव पारित हुआ। इस पर सभासद ने एक सप्ताह में नोटिस भेज जिला प्रशासन की मदद से अतिक्रमण हटवाने की बात कही। बैठक में शासनादेश के अनुपालन में सफाई कार्मिकों के मानदेय वृद्धि व उसपर पड़ने वाले व्ययभार की स्वीकृति प्रदान की गई। पालिका के राजस्वहित में भवनों के नामान्तरण शुल्क के साथ नामान्तरण के प्रकाशन शुल्क 50 रुपये लिए जाने की सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई। रामनाथ देवरिया में पेयजल योजना में राजस्व विभाग द्वारा उपलब्ध कराई गई भूमि पर नलकूप निर्माण के साथ-2 नगरीय पेयजल योजनान्तर्गत जलकल अनुभाग द्वारा विभिन्न कार्यों के लिए शासन को भेजे गये प्रस्ताव तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर विकास योजनान्तर्गत शासन को भेजे गये प्रस्ताव की सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में सभासदों ने शहर में अतिक्रमण का मुद्दा उठाया। सबसे अधिक को-ऑपरेटिव चौराहे से होकर हनुमान मंदिर के अलावा मोतीलाल रोड, भीखमपुर रोड आदि पर अतिक्रमण का मुद्दा सदन में उठा। इस पर नगर पालिका अध्यक्ष ने नोटिस भेजकर एक सप्ताह में अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाने की बात कही। वार्ड नंबर 35 के सभासद नित्येंद्र तिवारी ने वार्डों में लगने वाले दो-दो हजार लाइट लगने के मुद्दे को उठाया। उन्होंने कहा कि अभी कई मोहल्लों में लाइटें नहीं लग सकी है। इस पर पालिका अध्यक्ष ने शीघ्र लाइट लगवाने का निर्देश दिया। बैठक में सभासद वन्दना देवी, पुष्पा देवी, अजय कुमार, बालेन्द्र बहादुर सिंह, निर्मला, रूपा शुक्ला, संजय गुप्ता आदि उपस्थित रहे।